PM आवास योजना: क्या 18 जनवरी को आपके खाते में आएंगे 1 लाख? यूपी में मिलेगी सौगात, ऐसे देखें लिस्ट

PM Awas Yojana Urban: यूपी में शहरी आवास योजना के आवेदकों के लिए बड़ी खबर

उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के आवेदकों के लिए एक बड़ी खबर है। शहर में अपना पक्का घर बनाने का सपना देख रहे लाभार्थियों की खाते में पहली किस्त जल्द ही ट्रांसफर होने वाली है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 18 जनवरी, रविवार को इस किस्त का हस्तांतरण करेंगे।

पीएम आवास योजना के तहत यूपी के लाभार्थियों को 18 जनवरी को मिलेगा पैसा।
पीएम आवास योजना के तहत यूपी के लाभार्थियों को 18 जनवरी को मिलेगा पैसा। (Image: PMAYU)

केंद्र सरकार की ओर से शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में घर बनाने के लिए वित्तीय सहायता दी जाती है। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत अलग-अलग श्रेणियों में 2.5 लाख रुपये तक की सहायता मिलती है, साथ ही 2.67 लाख रुपये तक ब्याज सब्सिडी का प्रावधान भी है। यूपी के जिन नागरिकों ने आवेदन किया है, उनके खाते में पहली किस्त 18 जनवरी को आएगी।

किस श्रेणी में मिलेगा लाभ?

यूपी में EWS (आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग) श्रेणी के अंतर्गत आने वाले लाभार्थी, जो Beneficiary Led Construction (BLC) के तहत अपनी जमीन पर घर बना रहे हैं, उन्हें इसका लाभ मिलेगा। इस योजना में केंद्र सरकार 1.5 लाख रुपये और राज्य सरकार 1 लाख रुपये का योगदान करती है। 18 जनवरी को सीएम योगी राज्य सरकार की ओर से मिलने वाली पहली किस्त ट्रांसफर करेंगे।

कितनी किस्तों में मिलता है पैसा?

पीएम आवास योजना (शहरी) की BLC श्रेणी में राशि तीन किस्तों में मिलती है। पहली और दूसरी किस्त में 40-40 प्रतिशत राशि जारी की जाती है, जबकि शेष 20 प्रतिशत तीसरी किस्त में दिया जाता है। यह राशि घर निर्माण की प्रगति पर निर्भर करती है। इस योजना के तहत 30 से 45 वर्ग मीटर क्षेत्र में घर बनाने की अनुमति है, जिसमें कम से कम दो कमरे, रसोईघर, शौचालय और वॉशरूम शामिल होने चाहिए। निर्माण कार्य 12 से 18 महीने के भीतर पूरा होना आवश्यक है।

लाभार्थी सूची में अपना नाम कैसे चेक करें?

18 जनवरी को आपके खाते में राशि ट्रांसफर होगी या नहीं, इसकी जानकारी आप आधिकारिक पोर्टल पर लाभार्थी सूची देखकर प्राप्त कर सकते हैं। इसके लिए निम्नलिखित चरणों का पालन करें:

  1. सबसे पहले पीएम आवास योजना 2.0 के आधिकारिक पोर्टल पर जाएं।
  2. यहां "Track Application" के विकल्प पर क्लिक करें।
  3. आपके सामने तीन विकल्प होंगे: 1. Beneficiary Code, 2. Name as Aadhaar and Aadhaar No, 3. Mobile Number
  4. इनमें से किसी एक विकल्प का चयन करें और संबंधित जानकारी भरें।
  5. कैप्चा कोड दर्ज करने के बाद "Show" पर क्लिक करें।
  6. आपकी आवेदन स्थिति और लाभार्थी सूची में नाम की जानकारी स्क्रीन पर प्रदर्शित हो जाएगी।

पीएम आवास योजना (शहरी) BLC की पात्रता

  • केवल EWS श्रेणी के परिवार ही आवेदन कर सकते हैं।
  • पिछले 20 वर्षों में आवास योजना का लाभ नहीं लिया होना चाहिए।
  • आवेदक के पास शहरी क्षेत्र में पक्का मकान नहीं होना चाहिए।
  • पीएम आवास योजना (ग्रामीण) और (शहरी) में से केवल एक के लिए ही आवेदन किया जा सकता है।
  • यह लाभ केवल पहली बार घर बनाने वालों को ही मिलेगा।

इन लोगों को मिलेगी वरीयता

पीएम आवास योजना (शहरी) में विधवाओं, एकल महिलाओं, दिव्यांगजनों, वरिष्ठ नागरिकों, SC/ST समुदाय, अल्पसंख्यकों और अन्य कमजोर व वंचित वर्ग के आवेदकों को वरीयता दी जाएगी। इसके अलावा, पीएम स्वनिधि योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना के लाभार्थी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वाले लोग भी इस योजना के प्राथमिक लाभार्थी होंगे।

Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url